मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली गांव शेरनगर निवासी राहिला पत्नी जुल्फिकार ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उसने गांव के ही अय्यूब अली, साबिर, जमीर हसन पुत्रगण अकबर अली, मोमीन, मोहसीन, शौकीन पुत्रगण अय्यूब अली, परवेज पुत्र साबिर अली, इमरान पुत्र जमीर हसन से एक प्लाट 14 लाख रुपये में खरीदा था। आरोपियों से इस प्लॉट का बैनामा भी कराया था। जब वह प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंची तो उसे पता चला कि यह प्लॉट पहले से ही बिका हुआ है, जो गांधी कालोनी वर्मा पार्क निवासी सोनू चौधरी के नाम पर दर्ज है। पीड़िता ने जब आरोपियों से इस बारे में पूछा तो वे टरकाने लगे। पीड़िता ने आरोपियों से अपने रुपये मांगे तो उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।