खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर ट्रक से करीब 20 हजार रुपये का माला चोरी हो गया। चालक को देहरादून में ट्रक से माल उतारने पर चोरी का पता चला।
दिल्ली करोलबाग में स्थित जगदंबा ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक नीरज नागपाल ने बताया कि 25 फरवरी को दिल्ली की एक कंपनी से ट्रक में करीब 10 लाख रुपये का माल भरा गया था। माल देहरादून में जाना था। चालक इरशाद माल लेकर 25 फरवरी की रात के करीब सात बजे दिल्ली से देहरादून के लिए चला था। मंगलवार शाम को ट्रक देहरादून पहुंचा था। देहरादून में माल उतारने पर पता चला कि ट्रक के अंदर से करीब 20 हजार रुपये का माल गायब है। इस संबंध में चालक से पूछा गया तो उसने बताया कि हाईवे पर रास्ते में चोरों ने ट्रक में पीछे से चढ़कर माल चोरी कर लिया होगा। ट्रांसपोर्टर नीरज अपने साथ कार में चालक इरशाद को लेकर खतौली में हाईवे पर पहुंचा। ट्रांसपोर्टर ने हाईवे के कई रेस्टोरेंट पर चोरी के माल के बारे में पूछताछ की। इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।