पंजाब पुलिस की दुर्गनपुरखेड़ा गांव में दबिश
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। विवाहिता के उत्पीड़न के मामले में पंजाब पुलिस आरोपियों के घर के दबिश देने के लिए बुढ़ाना कोतवाली पहुंची। बुढ़ाना कोतवाली में सूचना देने के बाद पंजाब पुलिस ने कोतवाली के गांव दुर्गनपुरखेड़ा में आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पंजाब राज्य के थाना सिटी बरनाला की पुलिस सोमवार को बुढ़ाना कोतवाली पहुंची। पंजाब पुलिस ने अपनी आमद बुढ़ाना कोतवाली में कराई। बरनाला कोतवाली से आए दरोगा ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में रहने वाली इसराना खातून ने अपने पति दिलशाद ,ससुर यासीन तथा सास मोमिना के खिलाफ दहेज एक्ट में मुकदमा पंजीकृत करवाया है। इसराना खातून की ससुुराल बुढ़ाना कोतवाली के गांव दुर्गनपुरखेड़ा में है। इसराना खातून का परिवार मूलरूप से बागपत जनपद के गांव टिकरी का रहने वाला है। यह परिवार अब पंजाब के बरनाला में जाकर बस गया है। वहीं पर वह लकड़ी का कारोबार करता है। दहेज एक्ट के मुकदमे में इसराना के पति दिलशाद ,ससुर यासीन तथा सास मोमिना के खिलाफ न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए बरनाला पुलिस ने आरोपियों की तलाश में गांव दुर्गनपुरखेड़ा तथा शामली जनपद के कस्बा कांधला में दबिश दी।