मुजफ्फरनगर। उत्तरी सिविल लाइन निवासी शिक्षिका से गाजियाबाद में ट्रांसफर दिलाने के नाम पर जाट कॉलोनी निवासी युवक ने साथियों के साथ मिलकर छह लाख रुपये हड़प लिए। तकादा करने पर आरोपी ने बृहस्पतिवार की शाम शिक्षिका के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर पर आरोपी को हिरासत में लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के उत्तरी सिविल लाइन मोहल्ला निवासी देवेंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी स्वाति वर्मा छपार के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका है। स्वाति के पति कमल वर्मा दिल्ली में रहकर वहीं जॉब करते हैं। इसके चलते स्वाति भी दिल्ली से सटे गाजियाबाद या नोएडा में ट्रांसफर कराने के लिए प्रयासरत थी। इसी दौरान उसका पूर्व सहपाठी रहा जाट कॉलोनी निवासी सन्नी मलिक उसे मिला, जिसने अच्छी जान-पहचान होने का हवाला देते हुए ट्रांसफर गाजियाबाद में कराने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपी ने अप्रैल 2017 में उससे छह लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद से आरोपी लगातार शिक्षिका और उसके परिजनों को ट्रांसफर के नाम पर टरकाता आ रहा था। डेढ़ साल में भी ट्रांसफर नहीं होने पर आखिरकार शिक्षिका ने आरोपी से अपने रुपये मांगने शुरू कर दिए। आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम सन्नी मलिक चार साथियों के साथ शिक्षिका के घर पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए रुपये लौटाने से इंकार कर दिया। इस पर पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। पुलिस ने आरोपी सन्नी कपिल को मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर के आधार पर आरोपी सन्नी मलिक व चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले में कुछ लोगों द्वारा समझौता कराने के भी प्रयास किए जा रहे थे।