रतनपुरी/खतौली (ब्यूरो)। रतनपुरी के गांव समौली निवासी राजा पुत्र राजेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पेड़ों को लेकर उसकी देवेंद्र पुत्र मामचंद के साथ कहासुनी हो गई थी। शनिवार की शाम को देवेंद्र के बुलाने पर वह उसके घर जा रहा था। रास्ते में उसे गांव के ही देवेंद्र पुत्र मामचंद, पंकज एवं सुनील पुत्रगण रतन, अनुज पुत्र बलजोरा, अरुण एवं पारुल पुत्रगण समय सिंह और छोटू पुत्र राजकुमार आदि मिले। ये लोग उसे जबरन रतन के घर ले गए। वहां उसके हाथ पैर बांधकर इन लोगों ने उसे पीटा। वहां पर दो महिलाएं कुसुम पत्नी रतन और मुन्नी पुत्री मामचंद भी मौजूद थीं। इन सभी ने मिलकर उसका मोबाइल और जेब में रखे रुपये भी छीन लिए। पिटाई के बाद जब वह बेहोश हो गया तो उसे बाहर छोड़ दिया। काफी देर बाद जब उसे होश आया तो इन लोगों ने उसे इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्द भी कहे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।