बदमाशों ने दो मजदूरों से नगदी-मोबाइल लूटे
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। निकट के गांव से मजदूरी कर वापस घर लौट रहे दो मजदूरों से बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर नगदी और मोबाइल लूट लिया।
घटना बुधवार देर रात की है। ग्राम बसेड़ी निवासी शलेक चंद और रामप्रसाद ग्राम कम्हेडा से एक खेत में मजदूरी कर घर लौट रहे थे। रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर 2400 रुपये और एक मोबाइल लूट लिया। जिसकी जानकारी उन्होंने वहां से गुजर रहे अन्य लोगों को दी। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी कर मजदूरों द्वारा बताए गए बदमाशों के हुलिए के अनुसार बाइक से आ रहे एक युवक को हिरासत में ले लिया। जिसे थाने लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना के संबंध में पीड़ित मजदूरों ने पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद का कहना है कि लूट करने वाले दो अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।