शनिधाम मेले में दो गुटों में संघर्ष, चार लोग घायल
मुजफ्फरनगर। शनिधाम मंदिर पर चल रहे वार्षिक मेले में शनिवार देर रात युवकों के दो गुट मामूली विवाद के बाद आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट में चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कई युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शनिधाम मंदिर पर विगत एक सप्ताह से मंदिर का वार्षिकोत्सव मेला धूमधाम से मनाया जा रहा है। शनिवार रात क्षेत्र व आसपास गांवों के लोग भी मेले में प्रसाद चढ़ाने बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर लकड़संधा के युवकों की आपस में ही किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट के बाद संघर्ष हो गया, जिसमें दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर हमले किए। संघर्ष में एक पक्ष से राजन, विकास, रवि व नीरज सभी निवासीगण लकड़संधा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों को दौड़ाते हुए कई युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल ले जाकर उपचार दिलाया गया। मामले में लकड़संधा के विकास की तहरीर पर गांव के ही दीपक, अजय, आशु व गुड्डू को नामजद करने के साथ ही कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।