मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के एक गांव में युवक ने किशोरी को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने मीरापुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी कुछ दिन पूर्व मीरापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी रिश्तेदार के यहां रहने के लिए आई थी। आरोप है कि एक युवक ने किशोरी को झांसा देकर अपने पास बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। नशे में होने के बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया और किसी से शिकायत करने पर धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।