तीन महिलाओं सहित पांच बदमाश गिरफ्तार, एक फरार
सिखेडा (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने लिफ्ट देकर लूट करने वाले बावरिया गैंग के तीन महिलाओं सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने बदमाशों के पास एक कार, लूटी गई नगदी, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने बदमाशों को जेल भेज दिया है।
पुलिस ने मंगलवार की दोपहर कार में लिफ्ट देकर युवक से चार हजार रुपये की लूट करने वाले घुमंतू जाति की तीन महिलाओं सवेता पत्नी संदीप, छोरी पत्नी अंकित उर्फ बी, मीला उर्फ रीना उर्फ अंजू पत्नी विकास उर्फ मीनू, संदीप उर्फ सोनू पुत्र सुंदर पाल व सचिन उर्फ बिल्लू सचिन उर्फ बिल्लू पुत्र शीशपाल उर्फ पप्पू, निवासी हापुड़ को मुखबिर की सूचना पर मिर्जा टीला के पेट्रोल पंप से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब ये बदमाश लूटपाट करने की फिराक में खड़े हुए थे। जबकि इनका साथी बदमाश रिंकू मौके से फरार हो गया। इन बदमाशों ने मंगलवार दोपहर चित्तौड़ा बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रहे मुजफ्फरनगर निवासी हसन पुत्र मोहम्मद से कार में लिफ्ट देकर तमंचे के बल पर चार हजार रुपये लूटकर नंगला नहर के पास उसे उतार कर फरार हो गए थे। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया उक्त बदमाश बावरिया जाति से हैं। इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।