खतौली। खेत की डोल को लेकर परिवार के ही दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जिसमें दो भाई घायल हो गए। घायल एक भाई को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
गांव आदमपुर मोचड़ी में एक परिवार से ताल्लुक रखने वाले धर्मपाल और रामपाल के बीच खेत में डोल को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। पूर्व में भी कई बार कहासुनी हो चुकी है। मंगलवार सुबह रामपाल के दोनों पुत्र सतबीर, सतीश अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान धर्मपाल के पुत्र नीटू, सोनू खेत पर पहुुंचे। डोल को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी और डंडे चल गए। हमले में एक पक्ष से दोनों भाई सतबीर और सतीश घायल हो गए। परिजन घायलों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस अस्पताल में पहुंची। पीड़ित लोगों ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। हमले में सतबीर का सिर फूट गया था। चिकित्सकों गंभीर हालत में सतबीर को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पीड़ित रामपाल ने आरोपियों के विरुद्ध पुलिस को नामजद तहरीर दे दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।