रंजन मित्तल प्रकरण में एसपी ने की जांच
मुजफ्फरनगर। सरकारी जमीनों को कानूनी दांव-पेंच में उलझा कर कब्जाने के मामले में गैंगस्टर में कार्रवाई के आदेश के बाद पुलिस ने रंजन मित्तल की संलिप्तता की जांच शुरू कर दी है। एसपी क्राइम ने सोमवार को तहसीलकर्मियों को बुलाकर रंजन से जुड़ा सभी रिकार्ड खंगाला।
अधिवक्ता रंजन मित्तल पर गैंगस्टर में कार्रवाई के बाद जिला बार और सिविल बार के वकीलों ने एसएसपी अनंत देव से मिलकर कार्रवाई को गलत बताया था। एसएसपी ने प्रकरण में न्याय का भरोसा दिया था। यह कहा था कि पुलिस तथ्यों की जांच कर कार्रवाई करेगी। जमीनों को लेकर यदि आर्थिक अपराध में संलिप्तता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी के निर्देश पर एसपी क्राइम ने सोमवार को रंजन मित्तल की सरकारी जमीनों को कब्जाने और उनमें आर्थिक लाभ लेने में संलिप्तता की जांच की। एसपी क्राइम ने तहसील कर्मियों को बुलाकर रंजन मित्तल से जुड़ा समस्त रिकार्ड खंगाला। पुलिस की जांच जारी है।