फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपा के गड़वाड़ा गांव में भारी मात्रा में देशी बम, बारुद मिला

विज्ञापन
विज्ञापन
गड़वाड़ा में बम और हथियारों का जखीरा मिला
विज्ञापन

भोपा (मुजफ्फरनगर)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भोपा थाना क्षेत्र के गांव गड़वाड़ा में ग्रामीण के घर से भारी मात्रा में देसी सुतली बम, बारूद के साथ अवैध असलहा मिलने से सनसनी फैल गई। भारी मात्रा में बम और बारूद मिलने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। छापे की कार्रवाई से पहले ही सभी आरोपी मकान से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से एक महिला और एक युवक को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान भी आबिद की गतिविधियां काफी संदिग्ध थी। पुलिस गहनता से पूरे मामले की जांच में जुटी है। उधर, खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव गड़वाड़ा में सोमवार रात करीब 8.30 बजे पुलिस ने आबिद पुत्र यूसुफ के मकान पर छापा मार कर बम, बारूद और अवैध हथियार बरामद किए। गड़वाड़ा निवासी आबिद का सोमवार दोपहर को किसी बात को लेकर अपनी चाची रुबीना से झगड़ा हो गया, जिसमें आबिद ने उसके साथ मारपीट की तथा तमंचा लेकर उसके पीछे दौड़ा। पीड़िता ने मकान में घुस कर जान बचाई। दोपहर बाद रुबीना ने भोपा थाने पर पहुंच कर पुलिस को आबिद के खिलाफ तहरीर दी। साथ ही पुलिस को बताया कि आबिद अवैध हथियारों का तस्कर है। उसके यहां भारी मात्रा में गोला, बारूद और हथियार है। साथ ही आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान भी आबिद की गतिविधि संदिग्ध थी। उस दौरान उसके यहां काफी लोगों का आना जाना लगा रहता था। पुलिस ने पहले तो रुबीना की बात पर गौर नहीं किया, लेकिन शाम को जब फिर से रुबीना ने आकर एक बार मौके पर जाकर देख लेने की बात पर जोर दिया, तो पुलिस गड़वाड़ा जाने को तैयार हो गई। पुलिस ने रात करीब 8.30 बजे आबिद के मकान पर छापा मारा। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस को मौके पर एक महिला मिली, जिसने यहां रिश्तेदारी में आना बताया। इसके अलावा एक युवक भी मिला। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। इसके बाद जब पुलिस ने मकान की गहनता से तलाशी ली, तो पुलिस चकरा गई। मकान में रखे संदूक समेत उपलों की तलाशी लेने पर पुलिस ने मौके से करीब दो दर्जन बने हुए देसी सुतली बम, भारी मात्रा में बारूद, बम बनाने का सामान, एक रायफल, एक बंदूक, 315 बोर के 15 और 12 बोर के 8 आठ कारतूस बरामद किए। भारी मात्रा में देसी सुतली बम और अवैध असलहा मिलने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी देहात अजय सहदेव, सीओ मोहम्मद रिजवान भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
विज्ञापन

आखिर कहां से आया भारी मात्रा में बारूद
आखिर क्या मकसद है आबिद का
मुजफ्फरनगर। भोपा के गांव गड़वाड़ा में भारी मात्रा में गोला, बारूद और अवैध असलहा मिलने से इलाके में दहशत है। साथ ही कई सवाल उठ गए है, आखिर आबिद के पास कहां से यह मौत का सामान आया और उसका क्या मकसद है। ग्रामीण भी हैरत में है। ग्रामीणों का कहना है कि आबिद मजदूरी का काम करता है। ऐसा लगता नहीं था कि उसके पास भारी मात्रा में गोला, बारूद होगा। ग्रामीण इस बात से भी दहशत में है कि यदि किसी कारण से यह बारूद आग पकड़ लेता तो गांव में बड़ी अनहोनी हो जाती। पुलिस आबिद की तलाश में लगी है। उसके पकड़े जाने पर ही उसके मकसद का खुलासा होगा और कहां से वह मौत का सामान लेकर आया, इसकी तस्वीर साफ होगी।
विज्ञापन


गड़वाड़ा गांव में एक ग्रामीण के घर से काफी मात्रा में देसी सुतली बम, बारूद और अवैध असलहा मिला है। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच पड़ताल में लगी है। फरार हुए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की पांच टीम बनाकर विभिन्न स्थानों पर दबिश के लिए भेजी गई है। आरोपी के पकड़े जाने पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
अजय सहदेव
एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें