कारखाने में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
चरथावल। पुलिस ने बिरालसी तेल कारखाने में हुई वारदात में शामिल एक आरोपी को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
आठ जुलाई को बिरालसी गांव में गुनियाजुड्डी मार्ग पर स्थित ओमप्रकाश के तेल स्पेलर से बदमाशों ने धावा बोलकर गेहूं, सरसों, दाल समेत अनाज की कई बोरियां और लोहे के उपकरण लूटकर गाड़ी में डालकर ले गए थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की थी। उधर, बृहस्पतिवार रात गुनियाजुडड़ी के लोगों ने छोटा हाथी गाड़ी में कुछ संदिग्ध युवकों को घूमते हुए घेर लिया था। जिसमें तीन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे, जबकि ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर गाड़ी समेत पुलिस को सौंप दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने लिखापढ़ी करने के बाद कुल्हेड़ी के आरोपी मोहसिन से घटना में लूटी घड़ी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी डीके त्यागी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पहले भी हत्या और चोरी की वारदात में जेल जा चुका है, जबकि पूछताछ के बाद आरोपी के गांव के तीन साथी घटना में फरार दर्शाए गए हैं।