शाहपुर। गांव बरवाला के जंगल में शनिवार रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव बरवाला में बदमाशों की सूचना पर इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह ने टीम के साथ दबिश दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि जैसे ही पुलिस टीम बरवाला के जंगल में पहुंची, वहां खड़े दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इंस्पेक्टर के शब्दों में, मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया बदमाश अक्षय उर्फ राहुल पुत्र ओमपाल निवासी गांव किवाना थाना कांधला जनपद शामली है। वहीं, उसके फरार साथी की पहचान विकास उर्फ मोनू निवासी डांगरोल थाना कांधला, शामली के रूप में हुई है। गिरफ्तार बदमाश अक्षय पर हत्या व हत्या के प्रयास समेत विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग की जा रही थी।