मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अनेक स्थानों पर छापे की कार्रवाई करते हुए दूध, दही, मावा आदि के नमूने लिए। उधर, मीरापुर में दूध के नमूने लेने का विरोध किया गया। जिस पर 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने टीम के साथ छापे की कार्रवाई की। टीम ने कसौली के आकिल के यहां से खोया का नमूना लिया। हनुमान चौक पर त्यागी कंफैक्शनरी के यहां से दूध और दही के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि मीरापुर के संतरपाल और अमरपाल के यहां से दूध के नमूने लिए गए। दोनों ने फोन कर अपने कुछ आदमियों को बुला लिया। लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए लिए गए नमूने को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में बीस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।