खतौली/जानसठ। क्षेत्र के चार हिस्ट्रीशीटरों ने कोतवाली पहुंचकर उन पर की जा रही निगरानी को बंद कराने की मांग की है। खतौली थाने में भी सीओ डा. राजीव कुमार सिंह व इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने हिस्ट्रीशीटरों से सामान्य जीवन जीने का आह्वान किया। सीओ ने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों को सुधरने का मौका दिया गया है।
बुधवार को जानसठ थाने में क्षेत्र के चार हिस्ट्रीशीटरों गांव कवाल निवासी इशरत हुसैन पुत्र नसीम जैदी, नसीम अहमद पुत्र रफीक, रोशन पुत्र शांति प्रसाद, योगेंद्र पुत्र नत्थू ने पुलिस की ओर से उन पर की जा रही निगरानी को बंद कराने के लिए एसएसआई मनोज कुमार यादव से गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वे कोई बदमाश नहीं है। गांव की पार्टी बाजी के चक्कर में उन्हें हिस्ट्रीशीटर की लिस्ट में दर्ज कर दिया गया है। वह मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन पोषण कर रहे हैं, उन पर की जा रही निगरानी को बंद किया जाए। एसएसआई ने बताया कि थाना क्षेत्र के 69 हिस्ट्रीशीटरों में से पांच की मौत हो चुकी है। एक जेल में है, 19 हिस्ट्रीशीटर क्षेत्र से लापता हैं। शेष 13 की बैठक बुलाकर उन्हें एसएसपी के आदेश पर हिस्ट्रीशीटरों को सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। उधर, खतौली थाने में भी हिस्ट्रीशीटरों की बैठक बुलाई गई, जिसमें सीओ व इंस्पेक्टर ने हिस्ट्रीशीटरों से वर्तमान में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली।