दो पक्षों में जांच टीम के सामने मारपीट
मोरना। ककरौली क्षेत्र के गांव तेवड़ा में सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत पर जिलाधिकारी के आदेश पर पहुंची टीम के जिला विकास अधिकारी द्वारा सड़क निर्माण कार्यों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान शिकायतकर्ता व प्रधान पक्ष में कहासुनी हो गई। आरोप प्रत्यारोप के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसआई राजकुमार राणा ने बताया कि निर्माण कार्यों की जांच पड़ताल को लेकर अब्दुस्समद पक्ष व प्रधान पक्ष में मारपीट हुई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जिला विकास अधिकारी मोतीलाल व्यास ने बताया कि विकास कार्यों की जांच कर उनकी टीम वापस लौट रही थी। तभी दो पक्षों में मारपीट हो गई कार्यों का मूल्यांकन कर जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। वहीं, घटना को लेकर गांव में तनाव की आशंका है।