मुजफ्फरनगर। महाराष्ट्र के जनपद अहमदनगर के कैंट एरिया में शुक्रवार सुबह तीन युवक संदिग्ध हालात में घूमते हुए पकड़े गए, जिनसे आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं। पकड़े गए युवकों में से दो मुजफ्फरनगर के निवासी बताए गए, जिसके चलते इंटेलीजेंस व एलआईयू पूरे दिन आरोपियों के नाम-पते खंगालने में जुटी रही। देर रात तक भी आरोपियों के बारे में पुष्ट जानकारी नहीं मिल पाई थी।
महाराष्ट्र प्रांत के जनपद अहमदनगर के कैंट एरिया में शुक्रवार को तीन युवक संदिग्ध हालात में घूमते हुए पकड़े गए। सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए तीनों युवकों से काफी संख्या में आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जिस पर सेना ने आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनसे पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, पकड़े गए युवकों में से दो ने पूछताछ में खुद को मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला बताया, जिसकी सूचना महाराष्ट्र इंटेलीजेंस के माध्यम से जनपद के अफसरों को लगी। इस पर तत्काल इंटेलीजेंस व एलआईयू की टीमों को पकड़े गए दोनों युवकों के नाम-पतों की तस्कीद करने के लिए लगा दिया गया। हालांकि घंटों की कवायद के बावजूद देर शाम तक भी खुफिया संगठन उक्त दोनों संदिग्ध युवकों के नाम-पतों को तस्कीद करने में कामयाब नहीं हो पाई। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए संदिग्धों की पहचान के लिए महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क किया जा रहा है और उनके नाम-पते मिलने के बाद ही आगे की जांच-पड़ताल की जा सकेगी।