भोपा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने शुक्रवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन की शादी करीब डेढ़ साल पूर्व मुजफ्फरनगर से सटे एक गांव के युवक से हुई थी। युवती की सास की मौत शादी से पूर्व ही हो चुकी है। घर में केवल नवविवाहिता, उसका पति और विधुर ससुर ही रहते हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर नवविवाहिता पर बुरी नजर रखने लगा था और आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें करता था। विवाहिता ने इसकी जानकारी पति को दी तो उसने उल्टे उसे ही चुप रहने की चेतावनी दे डाली। आरोप है कि ससुर द्वारा लगातार अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाले जाने का जब पीड़िता ने विरोध किया तो ससुराल में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। इसके बाद आरोपी पति और ससुर ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में ही रह रही है। अब आरोपी पति व ससुर उन्हें लगातार मोबाइल पर फोन कर किसी से घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर बीपी सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।