खतौली। होटल में भोजन करने बाद पैसे नहीं देने पर युवकों ने होटल मालिक के साथ मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए।
जानसठ तिराहे पर स्थित एक होटल पर रविवार शाम को कुछ युवक भोजन करने के लिए आए। इन युवकों ने बाद में पैसे देने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर होटल मालिक इरशाद के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। जिससे होटल पर हंगामा खड़ा हो गया। कुछ ही देर में होटल पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। लोगों का कहना था कि इन युवकों ने होटल मालिक के साथ काफी अभद्रता की। जो बेहद शर्म की बात है। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।