जानसठ। दिल्ली से भगाकर लाई गई युवती को दिल्ली पुलिस ने छापा मारकर बरामद कर लिया। वहीं युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी नदीम पुत्र हामिद हुसैन दिल्ली के मुस्तफाबाद में अपनी बहन के यहां किराए के मकान में रहकर मकानों के पत्थर लगाने का काम करता है। युवक का दिल्ली में पड़ोस की युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। युवक उसको 22 अप्रैल को लेकर फरार हो गया। युवती के पिता ने दिल्ली में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। दिल्ली पुलिस को युवक के मोबाइल डिटेल के आधार पर उसकी लोकेशन जानसठ में मिली। दिल्ली पुलिस ने जानसठ पुलिस से संपर्क कर उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान मोहल्ला हुसैनपुरा में युवती को बरामद कर लिया तथा साथ में युवक को भी हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी युवक दो युवती को झांसा देकर निकाह कर चुका है। दिल्ली पुलिस के साथ साथ जानसठ पुलिस भी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।