राजन हत्याकांड में आरोपी को जेल भेजा
रतनपुरी/खतौली। गांव मंडावली बांगर के राजन हत्याकांड में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष रतनपुरी विरेंद्र कसाना ने बताया कि रतनपुरी के गांव मंडावली बांगर से 20 अप्रैल को आठ वर्षीय राजन पुत्र जयपाल खेलते समय अचानक गायब हो गया था। इस संबंध में बच्चे के पिता जयपाल ने 21 अप्रैल को अज्ञात में मुकदमा पंजीकृत कराया था। 26 अप्रैल को लापता राजन का शव गांव के ही शोभाराम पुत्र रामशरण के गन्ने के खेत में जमीन में दबा मिला था। मृतक के पिता जयपाल ने गांव के ही तीन लोगों विष्णु गोयल उर्फ सोनू गोयल एवं मोनू गोयल पुत्रगण बिजेंद्र गोयल और रामकुमार पुत्र राजेंद्र के विरुद्ध अपहरण कर हत्या करने का मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने इस हत्याकांड में एक नामजद आरोपी विष्णु गोयल उर्फ सोनू गोयल पुत्र बिजेंद्र गोयल को पूछताछ कर जेल भेजा है। पूछताछ में आरोपी सोनू गोयल ने हत्याकांड में कुछ और भी खुलासा किया है। पुलिस अब दो अन्य फरार नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके साथ साथ सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच की टीम भी हत्याकांड की तह तक पहुंचने में लगी है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।