रतनपुरी/खतौली। पुलिस ने गैंगस्टर में निरुद्ध एवं अवैध शराब के तस्कर को तमंचे के साथ पकड़ लिया। उससे मिली महेंद्रा पिकअप गाड़ी को भी सीज कर दिया। थानाध्यक्ष रतनपुरी वीरेंद्र कुमार कसाना ने बताया कि एसआई सुरेश सिरोही, विजय सिंह और कांस्टेबल कपिल राणस गांव सठेड़ी गंगनहर पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महेंद्रा पिकअप गाड़ी सवार पंकज पुत्र रतन सिंह निवासी गांव समौली को पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा एवं जिंदा कारतूस बरामद हुए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पंकज के विरुद्ध रतनपुरी थाने पर कई मुकदमे पंजीकृत हैं। वह अवैध शराब का भी कारोबार करता है। अवैध शराब बिक्री में वह जेल भी जा चुका है। कुछ माह पूर्व उसने अपने गांव के चौकीदार को मुखबिरी के शक में मारपीट कर घायल कर दिया था। उसे गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया गया था। उसे जेल भेज दिया गया है।