छपार। दो माह पूर्व हुए भेड़ चरवाहे के अपहरण का तीसरा आरोपी पुलिस ने एक तमंचे सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चार आरोपी अभी फरार हैं। 11 दिसंबर की रात गांव ताजपुर के पास भेड़ों सहित जनपद सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना के गांव शिवदासपुर निवासी प्रेमचंद अपने दो साथियों के साथ रुका हुआ था। रात्रि में ही आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने उसका अपहरण कर एक करोड़ रुपये फिरौती की मांग की थी। अपहृत के भाई पदम सिंह ने छपार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक सप्ताह बाद फिरौती नहीं मिलने पर बदमाश उसे बरला-बसेड़ा मार्ग पर शराब के ठेके के निकट छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस उसे लेकर वहां गई, जहां बदमाशों ने उसे गन्ने के खेत में रोक रखा था। पुलिस ने कॉल डिटेल से मामले को खोला था। अब तीसरे आरोपी थाना देवबंद के गांव फुलास निवासी शनव्वर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।