मरीज की मौत पर नर्सिंगहोम में हंगामा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाने के पास एक नर्सिंगहोम में मरीज की मौत होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को समझा-बुझा कर शांत किया।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अग्रसेन विहार के लोग अपने एक बीमार परिजन को सोमवार शाम गंभीर अवस्था में सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक नर्सिंगहोम में उपचार के लिए लाए थे, जहां पर जांच के उपरांत कर्मचारियों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि डॉक्टर के बजाए कंपाउंडरों ने ट्रीटमेंट किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हंगामा कर रहे लोगों ने वहां चिकित्सक को बुलाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
प्रेमी युगल ने नाराजगी जताई
मुजफ्फरनगर। प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी युगल ने शहर कोतवाली में हंगामा किया। युवती के परिजनों ने उससे सभी रिश्ते खत्म करने की बात कही, जिस पर युवक के परिजन युवती को दुल्हन बनाकर अपने साथ ले गए।
शहर कोतवाली के रामपुरी में रहने वाले प्रेमी युगल ने गत वर्ष आर्य समाज में शादी कर ली थी। दोनों की बिरादरी अलग होने के कारण युवती के परिजन इसका विरोध करते थे। इसे लेकर दोनों के परिवारों के बीच विवाद हुआ था और पुलिस ने दोनो पक्षों के विरुद्ध शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई भी की थी। सोमवार को प्रेमी युगल सुरक्षा की मांग को लेकर शहर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुला लिया। जिस पर प्रेमी युगल ने हंगामा कर दिया। हंगामे के बीच युवती के परिजनों ने उससे सभी रिश्ते खत्म करने की बात कही, जिस पर युवक के परिजन युवती को दुल्हन बनाकर अपने साथ ले गए।
दो लुटेरों को जेल भेजे
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया।
खालापार चौकी के प्रभारी राकेश शर्मा ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से तमंचा और चाकू मिले। बदमाश खालापार निवासी मोनश और फरीद बताए गए। पुलिस का कहना है कि दोनों मोबाइल लुटेरे हैं। शहर और नई मंडी क्षेत्र में इन्होंने कई मोबाइल फोन लूटे हैं। इनसे एक मोबाइल भी बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
युवक ने जहर खाया
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कंबलवाली गली निवासी युवक ने रुड़की रोड पर जनरल गेस्ट हाउस के सामने जहर खा लिया। कुछ लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत के चलते उसे रैफर कर दिया गया। एक अन्य घटना में खालापार निवासी युवती को संदिग्ध हालातों में जहर खा लेने पर उसके पिता द्वारा उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।