देवबंद। मोहल्ला पठानपुरा में सौतेली मां की चारपाई के पाए से पीट पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के पिता की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्त में लिए गए आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी डा. तनवीर के 20 वर्षीय बेटे अजीमुशान ने शुक्रवार की सुबह मकान के ऊपरी कमरे में बैठी सौतेली मां तबस्सुम का इसलिए बेरहमी से कत्ल कर दिया। क्योंकि आए दिन तबस्सुम और अजीमुशान के सगी मां अफरोज के बीच झगड़ा होता रहता था। मौत के घाट उतारने के बाद अजीमुशान तबस्सुम के शव को जीने की सीढ़ियों से घसीटकर नीचे लाया और उसे एक कमरे में डाल दिया था। पड़ोसियों से जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने डा. तनवीर की तहरीर पर अजीमुशान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार, जेल भेजे
देवबंद। कोतवाली पुलिस ने साखन निवासी लोकेश कुमार और महमूदपुर गांव निवासी प्रीतम को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों लोग शराब को कहीं बेचने जा रहे थे। दोनों को रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस ने अंबोली गांव निवासी भूपेंद्र उर्फ छोटा को गैंगस्टर में निरुद्ध किया है।