ऑनलाइन सट्टे के दो कारोबारी दबोचे
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। शहर में क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे दो युवकों को पुलिस ने गाजावाली क्षेत्र में दबिश देकर हिरासत में लिया है। मौके से एक लाख से अधिक की नकदी, कई मोबाइल व अन्य सामान भी कब्जे में लिया गया है। शाम तक कुछ सफेदपोश आरोपियों को छुड़ाने के लिए कथित तौर पर सौदेबाजी में लगे रहे। देर रात आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी की जा रही थी।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद सूचना के आधार पर कच्ची सड़क स्थित गाजावाली पुलिया पर एक मकान में दबिश दी। सूत्रों के अनुसार मौके से पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, जो क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा करा रहे थे। मौके से एक लाख से अधिक की नकदी के साथ ही कई मोबाइल, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद किया गया। दोनों आरोपी कच्ची सड़क क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार सट्टेबाजों के पकड़े जाते ही कुछ सफेदपोश सक्रिय हो गए और हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों को छुड़ाने की फिराक में सेटिंग-गेटिंग के खेल में लग गए, लेकिन मामला तूल पकड़ने के बाद देर रात पुलिस मामले में लिखापढ़ी करने में लग गई थी।