पुलिस की सक्रियता से बच गई युवक की जान
मुजफ्फरनगर। बाग जानकीदास में मंगलवार देर रात पुलिस की सक्रियता से युवक की जान बच गई।
शहर कोतवाली के शामली स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई सुनील कुमार मंगलवार देर रात गश्त पर थे। इसी दौरान करीब 11.10 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि मोहल्ला बाग जानकीदास में चार बदमाश मौजूद हैं, जो रंजिश के चलते किसी की हत्या करने की फिराक में हैं। उक्त सूचना के आधार पर एसआई और कोतवाली इंस्पेक्टर को मामले से अवगत कराते हुए बाग जानकीदास की तरफ रवाना हो गए। पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, एक मकान के पास चार बदमाश खड़े मिले, जो हाथों में तमंचे लिए हुए थे। पुलिस टीम ने बदमाशों को देखते ही उनकी घेराबंदी शुरू की तो वे खुद को बचाते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम पर फायरिंग की सूचना पर थाने से फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो मौके से दो खोखा-कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में मोहल्ला किदवईनगर निवासी शातिर शहजाद पुत्र शरीफ, भूरा उर्फ फैजान पुत्र शफीक, आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र इमरान और शाहरूख पुत्र ऐजाज को चिह्नित करने का दावा करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ कातिलाना हमले सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराते हुए हमलावरों की धरपकड़ केे प्रयास शुरू कर दिए हैं।