अयाजुद्दीन प्रकरण की जांच करेगी साइबर क्राइम
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)।
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई अयाजुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले की जांच साइबर सेल करेगी। इंस्पेक्टर जयभगवान यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर होने वाला क्राइम साइबर क्राइम की श्रेणी में आता है। जिला मुख्यालय पर साइबर सेल का गठन किया गया है। साइबर सेल के इंचार्ज एसपी क्राइम को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच साइबर सेल द्वारा कराई जाएगी। साइबर सेल उचित माध्यम से सारा डाटा प्राप्त करेगी। उन्होंने बताया कि साइबर सेल के अलावा पुलिस भी इस घटना के संबंध में साक्ष्य संकलन करने में जुटी है। सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भारत कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि साक्ष्य देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे।