मोरना (मुजफ्फरनगर)।
बीआईटी मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार देर रात लाखों रुपयों के बैरिंग से भरे कैंटर को लूट लिया। बदमाशों ने विरोध करने पर चालक को जमकर पीटा और बंधक बनाकर गन्ने के खेत में डाल दिया। बदमाश कैंटर को लेकर फरार हो गए। कैंटर लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस चालक को साथ लेकर बदमाशों की तलाश में जंगलों में कांबिंग कर रही है।
मंगलौर के मोहल्ला लालबाड़ा निवासी चालक शकील पुत्र जमील शुक्रवार शाम रुड़की से अपने टाटा 407 कैंटर में लाखों रुपयों की कीमत के बाइक में लगने वाले बैरिंग भरकर लखनऊ के लिए निकला था। चालक को कैंटर लेकर बिजनौर से मुरादाबाद होते हुए लखनऊ पहुंचना था। चालक देर रात करीब 11 बजे कैंटर लेकर मोरना और बेहड़ा गांव से निकलते हुए बीआईटी मार्ग पर पहुंचा। बीआईटी मार्ग पर गांव कड़ी निजामपुर के पास जंगल में करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने मार्ग के बीच में खड़े होकर कैंटर को रुकवा लिया। कैंटर के रुकते ही बदमाशों ने गन प्वाइंट पर चालक को लेकर उससे चाबी छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट की और बंधक बनाकर गन्ने के खेत में डाल दिया। इसके बाद बदमाश कैंटर लूटकर फरार हो गए। चालक रातभर गन्ने के खेत में बंधक बना पड़ा रहा। शनिवार सुबह चालक किसी तरह से बंधकमुक्त होकर ककरौली थाने पहुंचा। चालक ने पुलिस को कैंटर लूटने की घटना की जानकारी दी। लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वायरलैस पर क्षेत्र के अन्य थानों की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रास्तों पर नाकेबंदी की। इसके बावजूद बदमाश पकड़े नहीं जा सके हैं। पीड़ित चालक ने पुलिस को लूट की तहरीर दे दी है।
बदमाश पकड़ने के लिए कई गांवों में दबिश
ककरौली पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए शनिवार सुबह से ही आसपास के गांवों में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। पुलिस ने संभावित बदमाशों के गांवों में भी दबिश दी। पुलिस को अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस क्षेत्र के बदमाशों का रिकार्ड खंगालने में लगी है। पुलिस को शक है कि लूट की घटना में आसपास क्षेत्र के रहने वाले बदमाशों का हाथ भी हो सकता है।
इस मार्ग पर कई
बार हो चुकी लूट
बीआईटी मार्ग पर पिछले साल कई बार लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें से अधिकांश लूट की घटना को पुलिस दर्ज तक नहीं कर सकी है। देर शाम के बाद से लोग इस मार्ग पर गुजरने से भी डरते हैं। लोगों ने कई बार इस मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से देर रात पुलिस गश्त कराने की मांग भी की थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। कैंटर लूट की घटना से लोगों में दहशत फैल गई है।