मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बागोवाली चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार नसीरपुर निवासी पंकज पाल की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन को लेकर भाग गया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव नसीरपुर निवासी युवक बाइक पर सवार होकर हाईवे पर बागोवाली चौराहे से होते हुए कहीं जा रहा था। बागोवाली चौराहे के पास एक फैक्टरी के सामने पीछे से आई तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक अपने वाहन को लेकर भाग गया। राहगीरों ने यह सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पहचान कराकर युवक के परिजनों को सूचना दी। सीओ मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बारे में अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की सीसीटीवी की मदद से तलाश कराई जा रही है। संवाद