शामली। दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर महिला के साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की गई। डीआईजी सहारनपुर के आदेश पर महिला थाने पर पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव अहमदगढ़ निवासी कोमल ने महिला थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 12 जून 2023 को पूरण निवासी विनोद नगर बाजीगर बस्ती खन्ना जिला लुधियाना पंजाब के साथ हुई थी। उसके दो बेटियां पैदा हुईं। आरोप है कि पति, ससुर रामू, ननद व सास उससे नफरत करने लगी और ताना देने लगी कि अगर उसे लड़का पैदा नहीं हुआ तो वे उसे अपने घर में नहीं रखेंगे। इसके बाद उसे भूखा प्यासा रखकर उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे और दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। आरोप है कि एक नवंबर को घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके रह रही है। तीन नवंबर को दोपहर को घर पर अपनी मां के साथ मौजूद थी। आरोप है कि पति, ससुर, सास, ननंद गाड़ी में उनके घर आए और उसकी मां को घर के अंदर घुसकर गाली गलौज की। पति ने उसके साथ लात घूसों से मारपीट की। संवाद