चरथावल पाक पर भारत की जीत का जश्न मनाते मुस्लिम युवक
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मेलबर्न में विश्व कप टी-20 के महामुकाबले में हराकर टीम इंडिया की शानदार शुरुआत पर क्रिकेट प्रेमी गद्गद् हो गए। युवाओं ने पटाखे छोड़कर जश्न मनाया। कस्बे के महाब्रह्मणान, मुर्दापट्टी एवं तगायान मुस्लिम मोहल्ले एवं गांव दूधली, कुटेसरा, ज्ञानामाजरा आदि में लोग दोपहर से मैच देेेखने के लिए टीवी से चिपक गए थे। पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 159 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया के 31 रनों पर चार विकेट गिरने से क्रिकेटप्रेमी मायूस हो गए लेकिन विराट कोहली की आक्रामक बल्लेबाजी से उनके चेहरे खिल उठे। आखिरी बॉल पर अश्विन के चौके ने क्रिकेट के कद्रदानों को जीत का जश्न मनाने का मौका दिया। खासकर मुस्लिम युवाओं में साबिर, आलम त्यागी, लारेब कुरैशी, नदीम त्यागी, नोमान त्यागी, जुनैद, हैदर, मोनू त्यागी, आसिफ त्यागी, नफीस, रिजवान आदि ने आतिशबाजी छोड़कर धूमधड़ाका किया। संवाद