- थाना क्षेत्र के निवादा गांव का मामला, चार साल पहले हुई थी दोनों की शादी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
ककरौली (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव निवादा में गहरी नींद में सोए दंपती को सांप ने डंस लिया। जिससे पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों की चार साल पहले ही शादी हुई थी।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव निवादा निवासी असलम (27), उसकी पत्नी मैसर जहां (26) और तीन साल की बेटी आयत कमरे में बिस्तर पर गहरी नींद में सोए हुए थे। इसी दौरान सांप ने पहले असलम के हाथ में डंसा और फिर उसकी पत्नी के कान पर डंस लिया। आंख खुलने पर असलम ने सांप देखा तो शोर मचा दिया। शोर शराबा होने पर असलम का भाई मनव्वर और अन्य परिजन कमरे में पहुंचे। परिजनों ने कमरे से सांप को पकड़कर मार दिया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में दंपती को बेहड़ा सादात में उपचार के लिए ले गए।
यहां से मैसर जहां की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे जिला चिकित्सालय लाए। उपचार के बाद यहां से बुड़ीना कलां में एक हकीम के पास भी ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि असलम का बेहड़ा सादात में उपचार चल रहा है। दंपती की चार साल पहले ही शादी हुई थी।