तितावी। बिजली के खंभे पर चढ़ कर लाइन ठीक कर रहा संविदा लाइनमैन कंरट लगने से झुलस गया। उपचार के लिए ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। साल्हा खेड़ी निवासी मथन सिंह (55) लालूखेड़ी बिजलीघर पर संविदाकर्मी था। दोपहर 12 बजे के आस पास लालूखेड़ी नहर क्षेत्र की लाइन खराब हो गई। मथन सिंह ने एसएसओ से लाइन ठीक करने के लिए शटडाउन ले लिया। वह मौके पर पहुंच कर खंभे पर चढ़ गया। काम करते समय अचानक बिजलीघर से सप्लाई छोड़ दी गई। तब वह करंट लगने से बुरी तरह झुलस कर नीचे गिर गया। सूचना पाकर परिजनों के साथ ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। गंभीर हालत में झुलसे कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया। जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई वीरसिंह ने लालूखेड़ी बिजलीघर के एसएसओ अरुण कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।