बुढ़ाना मोड़। पानीपत-खटीमा हाईवे पर पीनना में अधूरे पड़े हाईवे का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। हरियाणा से आने वाले वाहनों को सीधे रामपुर तिराहा होते हुए दिल्ली-दून हाईवे तक आवागमन आसान होगा। पीनना और खेड़ी दूधाधारी गांव के बीच जाने वाले रास्ते में हाईवे पर अंडरपास की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। आसपास के ग्रामीण लंबे समय तक धरना देकर बैठे रहे। अब कंपनी ने दोबारा निर्माण कार्य आरंभ कर दिया है। निर्माणकर्ता कंपनी जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के डिप्टी मैनेजर शुभम राजवंशी ने बताया जुलाई 2026 तक कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है अधूरा निर्माण कार्य, सर्विस रोड अंडरपास एवं फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। पीनना के ग्रामीण सतेंद्र, ओमवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह, बाबूराम, नरेंद्र और शाहिद ने बताया अधूरे पड़े निर्माण कार्य के पूरा होने से पीनना गांव में भी ट्रैफिक का दबाव कम रहेगा और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात कर जल्द से जल्द निर्माण की मांग रखी गई थी।