भोपा (मुजफ्फरनगर)। जीआरपी गाजियाबाद थाने में तैनात भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी निवासी अंकुर सहरावत (30) मुजफ्फरनगर से आते समय हादसे में घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, वहां उसकी मौत हो गई।
भोपा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर से भोपा की तरफ आते समय कासमपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने रात में मुजफ्फरनगर से बाइक पर आ रहे युवक को टक्कर मार दी। राहगीरों से सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पर एक युवक घायल हालत में पड़ा था। पास में ही काफी कागजात भी बिखरे पड़े थे। पता चला कि घायल युवक भोकरहेड़ी निवासी अंकुर सहरावत गाजियाबाद जीआरपी थाने में तैनात था और अपने घर आ रहा था। उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया, वहां उसकी मौत हो गई। परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है। सिपाही अंकुर सहरावत 2015 में पुलिस में भर्ती हुआ था। वह जीआरपी गाजियाबाद थाने में पैरोकार था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।