- किसानों ने भ्रष्टाचार तथा अनावश्यक देरी का आरोप लगाया
-तहसीलदार तथा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसूरपुर। पुरबालियान में चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए चकबंदी कर्मचारियों को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष नीरज पहलवान के नेतृत्व में किसानों ने अपने बीच बैठा लिया। आरोप है कि गांव में चकबंदी अधिकारी गरीब किसानों की भूमि दबंगों को कब्जा दिलवाकर घालमेल कर रहे हैं। कीमत में उलटफेर किया जा रहा है। चकबंदी प्रक्रिया में काफी देरी की जा रही है । सभी किसानों ने कहा कि वे भूखे मरने की कगार पर हैं। हमारे बीवी बच्चे रात दिन हमें कोसते हैं।
सोमवार शाम के समय तहसीलदार खतौली आरती यादव, जिला बंदोबस्त अधिकारी आरके सागर और सीओ किसानों के बीच पहुंचे। सभी अधिकारियों ने मंगलवार की टीम बनाकर गांव में निष्पक्ष रूप से चकबंदी कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बिजेंद्र बालियान, अशोक, देवेंद्र, वेद सिंह, सुभाष, संदीप, राजकुमार, अशोक आर्य, रमेश, देवेंद्र, चेयरमैन राजकुमार, परविंदर सहित किसान उपस्थित रहे।