मुजफ्फरनगर। गन्ना विभाग के नोडल अधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि चीनी मिले पेराई सत्र के समय से पहले मरम्मत का कार्य पूरा कर लें। मोरना चीनी मिल का निरीक्षण किया और गांव नूनीखेड़ा में किसान गोष्ठी में शामिल हुए।
लखनऊ से आए अपर गन्ना आयुक्त प्रशासन प्रणय सिंह ने सहकारी चीनी मिल मोरना का निरीक्षण किया। चीनी मिल में चल रहे मरमत कार्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र समय पर शुरू होगा, इससे पहले सभी चीनी मिले अपने यहां मरम्मत के कार्य को पूरा कर लें। अपर गन्ना आयुक्त ने गन्ना समिति खतौली के ग्राम नूनीखेड़ा में आयोजित किसान गोष्ठी में किसानो से प्री गन्ना केलेंडर के बारे वार्ता कर उनके सुझाव जाने और उनसे अन्य गन्ने के सम सामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा भी की।
किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि किसान अब नई गन्ना प्रजातियों की बुवाई करें और अधिक लाभ कमाएं। गन्ने के साथ सहफसली खेती जरूर करें और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक से गन्ना बुवाई कर अधिक पैदावार लें। उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर ओपी सिंह ने कहा कि गन्ना समितियों में स्थापित फार्म मशीनरी बैंक से कृषि यंत्रों का उपयोग करें। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी संजय सिसोदिया उपस्थित रहे।