भट्ठों को सरकारी मूल्य पर दिलाया जाए कोयला
मंसूरपुर। ईंट भट्ठों की समस्याओं पर विचार करने के लिए ईंट निर्माता कल्याण समिति की बैठक देवराना रिसोर्ट में हुई। समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि कल्याण समिति, मुजफ्फरनगर अखिल भारतीय ईंट एवं टाइल्स निर्माता संघ, उत्तर प्रदेर्श इंट निर्माता समिति के 12 से 17 सितंबर तक ईंट बिक्री न करने का समर्थन करती है।
उन्होंने कहा कि कोयले के दाम गत वर्षों के मुकाबले ढाई गुना से भी ज्यादा बढ़ चुके हैं। सरकार को भट्ठा मालिकों को सरकारी रेट पर कोयला उपलब्ध करना चाहिए। जीएसटी जो पहले एक से पांच प्रतिशत थी, अब नए वित्तीय वर्ष में अप्रैल महीने से छह प्रतिशत बिना आईटीसी के और 12 प्रतिशत आईटीसी के साथ लागू है। इस हालात में इस कुटीर उद्योग को चलाना मुश्किल है। बैठक में सरकार से जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने की मांग की गई।
सभी हाई ड्राफ्ट जिगजैग भट्ठों को प्रदूषण सहमति पत्र (कंसेंट) जारी करने की मांग की गई। महामंत्री बलराम तायल ने सभी भट्ठा मालिकों से 17 सितंबर तक बिक्री न करने की अपील की। बैठक में समिति प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी जियाउर्रहमान, महामंत्री बलराम तायल, उपाध्यक्ष करणवीर प्रधान, सहमंत्री कृष्ण त्यागी, अमरपाल पूनिया, धीरज राठी, कुलदीप प्रधान, देवेंद्र बड़सू, बृजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।