शुकतीर्थ में बहुप्रतीक्षित गंगा की अविरल धारा पहुंचने की उम्मीद भी जगी
धनौरी डैम से नियमित रूप से सोलानी नदी में पानी छोड़े जाने के प्रस्ताव को मिल सकती है हरी झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में बहुप्रतीक्षित गंगा की अविरल धारा पहुंचने की फिर उम्मीद जगी है। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को तीर्थ पहुंचकर इसकी घोषणा करेंगे। धनौरी डैम से नियमित रूप से सोलानी नदी में पानी छोड़े जाने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सकती है। पौधरोपण सप्ताह का शुभारंभ भी सीएम तीर्थ से करेंगे।
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों को बताया कि भागवत के उद्गम स्थल पर लंबे समय से गंगा की धारा लाने की मांग उठ रही थी। प्रशासन ने तीन प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे थे। सरकार यह मांग पूरी करने जा रही है। 22 जुलाई को खुद सीएम इसकी शुकतीर्थ में घोषणा करेंगे और पौधरोपण भी करेंगे। श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा और साधू-संतों की पुरानी चली आ रही मांग पूरी हो जाएगी।
सीएम पौधरोपण सप्ताह का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का सर्वे भी कर सकते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि धनौरी डैम से सोलानी नदी में नियमित पानी छोड़ने जाने पर सहमति बन रही है, यहीं से तीर्थ को गंगा की अविरल धारा मिलेगी।
अधिकारियों ने शुकतीर्थ में डाला डेरा, मौसम पर नजर
मोरना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे की प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एसएसपी संजीव सुमन ने तीर्थ क्षेत्र का भ्रमण किया। हेलीपैड और सभास्थल के लिए जगह की तलाश की, लेकिन अभी अंतिम रूप से चयन नहीं किया गया है। मंगलवार को डीएम, एसएसपी, एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अनूप सिंह, एसडीएम जानसठ अभिषेक कुमार, डीएफओ कन्हैया लाल पटेल, जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार तहसीलदार संजय कुमार, एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव, एपी ट्रैफिक कुलदीप कुमार शुकदेव आश्रम पहुंचे। हैलीपेड और सभा स्थल के लिए जगह की तलाश की।
इसके बाद अधिकारी मेला कोतवाली परिसर, स्वामी समनदास आश्रम ग्राउंड, महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज खेल मैदान, गांव बिहार गढ़ स्थित पीर खुशाल सहित सिद्ध पीठ काली मंदिर के आसपास पौधरोपण कार्यक्रम के लिए भी कई जगह तलाश की। संभावना है कि सीएम शुकतीर्थ में वृहद स्तर पर पौधरोपण करेंगे।
अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यातायात, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएं। मुख्यमंत्री का शुकतीर्थ क्षेत्र एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाना संभावित है। सभी घाटों की साफ-सफाई, मार्गों में गड्ढे इत्यादि का भराव एवं संपर्क मार्गों की मरम्म्त का समस्त कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाएं। बाढ़ पीडि़तों की मदद करें और नुकसान का जल्द से जल्द आंकलन करें। अतिसंवेदनशील एवं संवेदनशील तटबंधों का चिह्निकरण कर उनके सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएं।
शुकतीर्थ में इस तरह गंगा की धारा लाने का चल रहा प्रयास
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि शुकतीर्थ में सोलानी और बाण गंगा नदी बह रही है। रुड़की में धनौरी डैम से गंगनहर का पानी सोलानी नदी में लाने पर काम चल रहा है। सिर्फ यही माध्यम ऐसा है, जहां से 365 दिन गंगा जल शुकतीर्थ में बना रहेगा। डैम से रोजाना 150 से 200 क्यूसेक पानी सोलानी में छोड़ा जाएगा। अभी तक सिर्फ गंगा स्नान के समय ही पानी छोड़ा जाता है। इससे पहले बाण गंगा के उद्गम स्थल से गंगाजल लाने का प्रोजेक्ट स्वीकार हुआ और 70 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया, लेकिन पूरे साल पानी की उपलब्धता नहीं थी। इसके बाद लक्सर में बिशनपुर गांव के पास से गंगाजल लाने पर काम हुआ, लेकिन यहां से भी पूरे वर्ष पानी नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में गंगनहर से पानी लाने पर ही विमर्श हुआ है।