पुलिस ने दोनों पक्षों के चार चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिखेड़ा। दाहखेड़ी गांव में दो पक्षों में लाठी डंडे और गोली चल गई। दोनों पक्षों की ओर से दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
दाहखेड़ी गांव में महिला प्रधान नुशरा के बेटे शाहनवाज ने गांव के ही बालिस्टर को बाजरा बेचा था। इसी के पैसे लेने के लिये शाहनवाज बालिस्टर के घर गया था। आरोप है कि लौटते समय रास्ते में इस्लाम व साबू ने उसे अकारण गाली देनी शुरू कर दी। शाहनवाज ने विरोध किया तो इस्लाम, साबू ने अपने साथी इरशाद व आसिफ, इस्तेखार के साथ मिलकर उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। आरोप हैं कि गोली भी चलाई गई। बाएं हाथ में गोली लगने पर शाहनवाज घायल हो गया। उधर, गोली की आवाज सुनकर शाहनवाज का चचेरा भाई तसव्वर भी मौके पर पहुंचा तो उसे भी पीटा गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि हमलावर पक्ष के लोग उनसे चुनावी रंजिश रखते हैं।
उधर, दूसरे पक्ष के आसिफ ने मुकदमा दर्ज कराया कि गांव में ही नौशाद के यहां शादी थी। वहां दावत खाने के लिए वह और इस्लाम बाइक पर जा रहे थे। बालिस्टर के घर के पास शाहनवाज व तसव्वर आदि ने उन्हें घेर लिया। उसे धारदार हथियार से हमला कर इस्लाम को घायल कर दिया और आरोपी फरार हो गए। थाना सिखेड़ा प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई की जा रही है।