खतौली गांव तिगाई में लगाए गए कूडा निस्तारण प्लांट की जांच करते हुए एसडीएम।
गंगनहर पटरी मार्ग पर डाले गए कूड़े को 15 दिनों में साफ करने के निर्देश
गांव तिगाई में बनाए गए निस्तारण प्लांट में ही कूड़ा डालने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। गंगनहर पटरी सहित सड़कों पर फैलने वाली गंदगी की रोकथाम के लिए एसडीएम ने पालिका कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने गंगनहर पटरी मार्ग पर डाले गए कूड़े को हटाने के निर्देश दिए। गंगनहर घाट के पास पटरी पर चौपाटी बाजार बनाने की भी योजना बनाई गई।
एसडीएम सुबोध कुमार ने गंगनहर पटरी मार्ग सहित नगर के मुख्य मार्गों पर घूमकर निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नगरपालिका में कर्मचारियों की बैठक ली। एसडीएम ने कहा कि गंगनहर पटरी मार्ग पर डाला गया कूड़ा 15 दिनों में साफ कर दें। गांव तिगाई में कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाया गया है, कूड़ा वहीं डाला जाएं। रविवार को कूड़ा वहीं पर डाला जाएगा। नालों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
बताया कि गंगनहर घाट को अच्छा बनाया गया है, लेकिन वहां पर कुछ शरारती तत्वों ने नुकसान किया हुआ है। विकास प्राधिकरण से बात कर गंगनहर घाट के निकट गंगनहर पटरी मार्ग पर 200 मीटर तक सुंदरीकरण कराया जाएगा। ताकि शाम को चौपाटी बाजार लगाया जा सके। इसके अलावा मोहल्ला कानूनगोयान में लगाए गए एमआरएफ प्लांट पर भी प्लास्टिक को अलग किया जाएगा।
दुकान के बाहर मिला कूड़ा तो होगी कार्रवाई
एसडीएम सुबोध कुमार ने कहा कि नगर की साफ सफाई रखनी सभी की जिम्मेदारी है। व्यापारियों से भी आग्रह किया है कि वह अपनी दुकानों के बाहर कूड़ेदान रखे। कूड़ा उसी में डाला जाएं। यदि कूड़ा दुकान के बाहर पाया गया तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।