मंसूरपुर। मंगलवार शाम जड़ौदा बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे युवी की मौत हो गई।
जड़ौदा निवासी युवी पुत्र अंशुल सड़क पार करते समय एक बाइक की चपेट में आ गया। जोरदार टक्कर से युवी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवी गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता था। उसके माता-पिता फैक्टरी में मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं। जांच अधिकारी विपिन कुमार त्यागी ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिजनों और बाइक सवारों के बीच बातचीत चल रही है। इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।