भूराहेडी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाती आबकारी पुलिस।स्रोत- पुलिस
- एक पखवाड़े में एक करोड की शराब बरामद कर चुकी आबकारी व पुलिस टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान पास आता जा रहा है, पुलिस ने अपनी गतिविधि बढ़ा दी हैं। पुलिस और आबकारी विभाग टीम ने जनपद की सीमाओं पर चेकिंग अभियान शुरू किया है। सभी छोटे बड़े वाहनों को चेकिंग के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। पुलिस की बुढ़ाना और शहर कोतवाली की टीमों ने हाल ही में एक करोड़ रुपये की शराब बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया था।
लोकसभा चुनाव में आठ दिन शेष बचे हैं। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अपनी गतिविधि बढ़ाई हैं। शराब माफिया हो या फिर अपराध करने वाले शातिर, इनके साथ ही शरारती तत्वों पर भी पुलिस ने निगाह लगाई है। पुलिस ने 40 हजार लोगों को नोटिस भेजकर 20 हजार लोगों को मुचलका पाबंद भी कर चुका है। एसएसपी अभिषेक सिंह के आदेश पर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त टीम बनाकर शराब माफिया की घेराबंदी की है। दोनों टीमों ने पिछले एक पखवाड़े में एक करोड़ से ज्यादा की शराब बरामद कर कई तस्करों को गिरफ्तार किया।
बृहस्पतिवार शाम को भी दोनों टीमों ने जनपद की सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चोपहिया व दुपहिया वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने बताया कि चुनाव में बांटने के लिए लाई जाने वाली शराब के अलावा अपमिश्रित शराब की बरामदगी के लिए अभियान चलाया गया है। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गिरफ्तारी के लिए चेकिंग अभियान शुरू कराया है। संदिग्ध दिखाई देने वाले लोगों की भी तलाशी ली जा रही है। उनके नाम व पते नोट किए जा रहे है। चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट है।