- महावीर चौक स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय पर उपमुख्यमंत्री ने की सभा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर देश के किसानों का सम्मान किया है। पहले राजनीतिक दल उनके नाम पर सरकार बनाते रहे, लेकिन सम्मान नहीं दिया। प्रदेश में अब गुंडे बदमाश दिखाई नहीं देते। 2017 से पहले बिजली का हफ्ते में बंटवारा था।
महावीर चौक स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय पर प्रत्याशी केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान की नामांकन सभा में पाठक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने कहा था कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत की मेढ़ से होकर गुजरता है। भाजपा का फोकस गांव और किसान के विकास पर है। चौधरी साहब को भारत रत्न देकर सरकार ने किसानों के प्रति अपनी सोच का दर्शा दिया है। वर्तमान में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की हैं।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, पूर्व विधायक मिथलेश पाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, अचिंत मित्तल आदि मौजूद रहे।