कूकड़ा गांव में आयोजित किया गया किसान मजदूर जागरूकता सप्ताह
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। थानाभवन के रालोद विधायक अशरफ अली ने कहा कि चौधरी चरण सिंह सर्व समाज के लोकप्रिय नेता थे, उन्होंने गांव में किसानी करने वालों को मुख्य राजनीतिक धारा में लाने का काम किया। लेखपाल भर्ती में पहली बार अनुसूचित जाति के लोगों को 18 प्रतिशत आरक्षण उन्होंने ही दिया था।
स्वतंत्रता सेनानी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर राष्ट्रीय लोक दल की ओर से मनाए जा रहे किसान मजदूर जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत गांव कूकड़ा में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विधायक ने कहा कि चौधरी साहब अपने कड़े फैसलों के बारे में जाने जाते थे, चौधरी साहब ने ही पटवारियों द्वारा हो रहे किसानों के उत्पीड़न को समाप्त किया था। आंदोलनरत पटवारियों की सेवाएं समाप्त कर लेखपालों की भर्ती की और उसमें पहली बार 18 प्रतिशत आरक्षण दलित वर्ग देने का काम किया। अध्यक्षता हाजी शमीम और संचालन कृष्णपाल राठी चेयरमैन ने किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, राष्ट्रीय सह संयोजक सुधीर भारतीय, संजय राठी, पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, ब्रह्म सिंह बालियान, सतीश बालियान ने विचार रखे। संयोजक कृष्णपाल राठी चेयरमैन और अरुण राठी ने लोगो का आभार जताया। विदित मलिक, विकास कादियान, विकास बालियान,मोनू कुटबी और प्रधान कल्लू मौजूद रहे।