मुजफ्फरनगर। जिला प्रोबेशन विभाग में फर्जीवाड़ा कर ठेका पाने वाली सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के निदेशकों के चरित्र प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए मुरादाबाद भेजे गए हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने डीएम मुरादाबाद को पत्र लिखकर वहां से जारी दोनों चरित्र प्रमाण पत्रों के सत्यापन का अनुरोध किया है।
सर्विस प्रोवाइडर कंपनी एसकेटी ने फर्जी दस्तावेज लगाकर कर्मचारी उपलब्ध कराने का ठेका जिला प्रोबेशन विभाग से प्राप्त कर लिया था। जबकी जनपद बागपत में आरोपी कंपनी निदेशकों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर एफआइआर भी करा दी गई। मामला संज्ञान में आते ही डीएम उमेश कुमार मिश्रा ने प्रकरण में गंभीरता दिखाते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार को मामले की जांच के आदेश दिये थे। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सर्विस प्रोवाइडर कंपनी एसकेटी के दोनों निदेशकों के चरित्र प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने के लिए डीएम मुरादाबाद को पत्र लिख दिया गया है। उन्होंने बताया कि पत्र के जवाब के आधार पर आगे की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।