- मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों का किया गया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले के 43 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में सबसे अधिक मरीज बुखार और गैस्ट्रो के पहुंचे। 1136 मरीजों ने पहुंचकर परामर्श लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी की जांच कर उन्हें दवा भी वितरित की। साथ ही उन्हें स्वस्थ रहने को जागरूक भी किया गया।
आरोग्य मेलों में 450 पुरुष, 413 महिलाएं और 273 बच्चों ने परामर्श लिया। सबसे ज्यादा मरीज 183 बुखार और अन्य बीमारी और 178 गैस्ट्रो की समस्या लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि लोगों को मौसम बदलने की वजह से बुखार की समस्या है। उमस और गर्मी के कारण लोगों को गैस्ट्रो की दिक्कत है। पेट में दर्द या बेचैनी, खाने के बाद पेट फूलना या पेट भरा हुआ महसूस होना, उल्टी और मितली, एसिड, भूख में कमी, बेल्चिंग या अत्यधिक गैस, कब्ज या दस्त, यह सभी गैस्ट्रो के ही लक्षण है।
इसके अलावा आरोग्य मेले में बुखार, सांस, मधुमेह, त्वचा, पेट दर्द, सिर सर्द, बदन दर्द, चर्म रोग, सर्दी खांसी, ब्लड प्रेशर आदि बीमारी से ग्रस्त मरीज भी पहुंचे, जिनका उपचार किया गया।
बरला पीएचसी पर किया वाटर कूलर का उद्घाटन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला पर वाटर कूलर का उद्धाटन किया। इस मौके पर राजेंद्र कुमार त्यागी, सुदीप त्यागी, डॉ. मनीष वर्मा, केसी राय, मनोज त्यागी, रोहित चौधरी आदि मौजूद रहें।
27 जून से होगी जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़े की शुरूआत
जानसठ। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि 27 जून से स्वास्थ्य विभाग जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़े की शुरुआत करेगा, जो 10 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के बारे में जागरूक करेंगे।