चरथावल। डायल 112 के पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और वर्दी फाड़ने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मंगलवार की रात बिरालसी निवासी शेर सिंह ने बेटे पर शराब पीकर पिटाई करने की सूचना डायल 112 पर दी। पीआरवी 2213 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो दो व्यक्ति आपस में झगड़ रहे थे। पुलिस कर्मियों ने दोनों को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि दीपक उर्फ गोल्डी पुलिस को देख मकान के अंदर चला गया और चाकू लेकर लौटा। पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी। इसमें पुलिस कर्मियों की वर्दी के बटन टूट गए थे। पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल दीपक को हिरासत में लेकर थाने भिजवाया था। बुधवार को पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।